मोदी सरकार पर हमला,हर गलत दौड़ में देश आगे: राहुल गांधी

Politics

कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने कोरोना वायरस संक्रमण के मामलों में लगातार हो रही बढ़ोतरी और जीडीपी विकास दर में भारी गिरावट को लेकर सोमवार को सरकार पर कटाक्ष करते हुए कहा कि मौजूदा समय में देश हर गलत दौड़ में आगे है। कांग्रेसस नेता ने ट्वीट किया, ‘मोदी सरकार देश को संकट में पहुंचाकर समाधान ढूंढने के बजाय शुतुरमुर्ग बन जाती है। हर गलत दौड़ में देश आगे है- कोरोना संक्रमण के आंकड़े हो या जीडीपी में गिरावट।’

बता दें कि राहुल गांधी मोदी सरकार पर इससे पहले भी कटाक्ष कर चुके हैं। उन्होंने जीएसटी, युवाओं और अर्थव्यवस्था को लेकर अपनी बात रखी थी। इससे पहले राहुल गांधी ने गिरती जीडीपी को लेकर पीएम मोदी पर निशाना साधा था। उन्होंने कहा था कि भारत की जीडीपी में ऐतिहासिक गिरावट दर्ज की गई है। बेरोजगारी 45 साल में सबसे अधिक हैं। राहुल गांधी ने ट्वीट कर कहा था कि देश में 12 करोड़ लोगों की नौकरी जा चुकी है। केंद्र सरकार राज्यों को जीएसटी शुल्क नहीं दे पा रहा है। दुनिया में सबसे अधिक कोरोना संक्रमण और मौत के मामले भारत में आ रहे हैं। वहीं देश की सीमा पर भी माहौल गर्म हैं। राहुल गांधी लगातार प्रधानमंत्री पर गिरती अर्थव्यवस्था को लेकर निशाना साध रहे हैं।

स्वास्थ्य मंत्रालय द्वारा आज जारी आंकड़े के मुताबिक, देश में एक दिन में कोविड-19 के रिकॉर्ड 90,802 मामले सामने आने के बाद सोमवार को इस बीमारी के कुल मरीजों की संख्या 42,04,613 हो गई. जबकि पिछले 24 घंटों में 1,016 लोगों की मौत के साथ मृतक संख्या बढ़कर 71,642 हो गई है।