iPhone 11 अब होगा मेड-इन-इंडियाः पीयूष गोयल

Uncategorized

Apple ने भारत में iPhone 11 का निर्माण शुरू कर दिया है। इसकी जानकारी खुद कॉमर्स एंड इंडस्ट्री (वाणिज्य और उद्योग) मंत्री पीयूष गोयल ने शुक्रवार को ट्वीट कर दी है। क्यूपर्टिनो स्थित टेक्नोलॉजी दिग्गज ने देश में iPhone XR के लिए असेंबली लाइन शुरू करने के ठीक नौ महीने बाद यह नया फैसला लिया है। आईफोन 11 की स्थानीय असेंबली के जरिए कंपनी 20 प्रतिशत टैक्स बचा सकेगी, जिसका भुगतान कंपनी पहले अपने ग्लोबल मैन्युफैक्चरिंग प्लांट से हैंडसेट आयात करने के लिए करती थी। Apple के पास अपने iPhone मॉडल के लिए आपूर्तिकर्ताओं के रूप में Foxconn, Wistron और Pegatron है और ये तीनों इस समय भारतीय बाज़ार में भारी निवेश कर रहे हैं।

पीयूष गोयल ने कहा (अनुवादित) “मेक इन इंडिया को महत्वपूर्ण बढ़ावा!” उन्होंने आगे पुष्टि करते हुए यह भी कहा (अनुवादित) “Apple ने भारत में iPhone 11 का निर्माण शुरू कर दिया है।”भारत सभी स्मार्टफोन विक्रेताओं के लिए एक महत्वपूर्ण बाज़ार बन गया है और इसकी एक बड़ी वजह देश 50 करोड़ से अधिक स्मार्टफोन यूज़र्स की मौजूदगी है। सैमसंग और Xiaomi सहित कंपनियों ने भारतीय उपभोक्ताओं की बढ़ती मांगों को पूरा करने के लिए देश में पहले से ही बहुत सारे संसाधनों पर निवेश किया है। यूज़र डिमांड के विस्तार ने हाल ही में Apple और इसके आपूर्तिकर्ताओं को भी आकर्षित किया है।

इस महीने की शुरुआत में, फॉक्सकॉन, जो iPhone और अन्य Apple डिवाइसों के लिए कंपनी का मुख्य आपूर्तिकर्ता है, ने कथित तौर पर अपने भारत प्लांटों का विस्तार करने के लिए 1 बिलियन डॉलर (लगभग 7,491 करोड़ रुपये) का निवेश करने की योजना बनाई है। पेगाट्रॉन – फॉक्सकॉन के बाद दूसरा सबसे बड़ा आईफोन असेंबलर – भी देश में कुछ निवेश करने और आने वाले भविष्य में एक स्थानीय सब्सिडियरी स्थापित करने की योजना बना रहा है।

ऐप्पल ने भारत में मई 2017 में अपने घरेलू निर्माण की शुरुआत iPhone SE के साथ की थी। यह शुरुआत आपूर्तिकर्ता विस्ट्रॉन की बेंगलुरु यूनिट में हुई। हालांकि, ऐप्पल टीम ने बाद में देश में फॉक्सकॉन की यूनिट्स के साथ अपने स्थानीय विनिर्माण का विस्तार किया।